

मुरादाबाद में नागरिकता कानून के खिलाफ चल रहा प्रदर्शन खत्म
मुरादाबाद के ईदगाह मैदान में नागरिकता कानून के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन को खत्म करवा दिया गया है। मंगलवार सुबह पुलिस ने ईदगाह मैदान के धरनास्थल को खाली करवा कर प्रदर्शन खत्म कराया।
दिल्ली से शाहीन बाग के बाद अलीगढ़ के थाना गेट स्थित शाहजमाल ईदगाह के बाहर 90 दिन से चल रहे धरना प्रदर्शन को भी खत्म करवा दिया गया है। शाहजमाल का धरना स्थल पूरी तरह खाली हो चुका है।
लखनऊ में सड़कों पर पसरा सन्नाटा
लखनऊ में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया है। चप्पे-चप्पे पर तैनात होकर पुलिस निगरानी कर रही है। आवश्यक सेवाओं में शामिल लोगों को छोड़कर किसी को भी बाहर निकलने की अनुमति नहीं है।
सहारनपुर में हाई अलर्ट
सहारनपुर मंडल में एक कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद प्रशासन और सख्त रुख अख्तियार करने जा रहा है। मंडल के शामली जिले में कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सहारनपुर को हाई अलर्ट जोन में कर दिया गया है। दरअसल सहारनपुर मंडल में मंगलवार को एक शख्स की कोरोना वायरस सैंपल जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव होने की पुष्टि हुई है। यह युवक दुबई से लौटा था।
कानपुर लॉकडाउन के बीच पुलिस सख्त
कानपुर के लॉकडाउन होने के बाद भी निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस का डंडा चला। जिले भर में पुलिस ने 95 एफआईआर दर्ज कर 465 लोगों को गिरफ्तार किया। 388 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा। सरकार के निर्देशों को न मानकर बेवजह सड़कों पर निकलने पर ये कार्रवाई जारी रहेगी।
33 हुई कुल संक्रमितों की संख्या
उत्तर प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या अबतक 33 पहुंच चुकी है।
प्रयागराज में सब्जी मंडियों में भीड़
प्रयागराज में सुबह सवेरे लोग लॉकडाउन को ताक पर रखते हुए घरों से बाहर निकल आए। सब्जी मंडी में ज्यादा से ज्यादा बटोरने की होड़ लगी रही। इस दौरान कुछ लोग मास्क लगाए दिखे, लेकिन बड़ी संख्या ऐसे लोगों की भी थी जिन्होंने कोई एहतियात नहीं बरता।
0 Reviews