
भारतीयों की वतन वापसी / एयर इंडिया ने लंदन, अमेरिका और सिंगापुर के लिए बुकिंग शुरू की, वंदे भारत मिशन के लिए जाने वाली उड़ानों में विदेशी जा सकेंगे
DHEERAJ KUMAR DIXIT/NEW DELHI
UPDATE-05.45 PM
- वंदे भारत मिशन पहले फेज के पहले दिन आज 9 देशों से 10 विमानों में 2300 लोगों के पहुंचने की उम्मीद
- विदेशों में रह रहे केरल के 4.27 लाख लोग भारत लौटना चाहते हैं, प्राथमिकता के आधार पर लाए जाएंगे
- 30 साल में सबसे बड़ा एयरलिफ्ट, 1990 में खाड़ी युद्ध के समय 1.70 लाख भारतीय निकाले गए थे
नई दिल्ली. एयर इंडिया ने भारत में फंसे लंदन, अमेरिका और सिंगापुर के नागरिकों और वैध वीजाधारकों के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए जो फ्लाइट इन तीन देशों में जाएंगी उनके लिए बुकिंग की जा सकती है। विदेशियों से भी उतना ही किराया लिया जाएगा जितना भारतीयों से लिया जा रहा है। भारत-अमेरिका का फ्लाइट के लिए 1 लाख रुपए लिए जा रहे हैं।
वंदे भारत मिशन का पहला दिन
कोरोना की वजह से दुनिया भर में फंसे भारतीयों की वतन वापसी के लिए सरकार ने वंदे भारत मिशन शुरू किया है। 1990 के खाड़ी युद्ध के बाद ये सबसे बड़ा एयरलिफ्ट ऑपरेशन होगा। इसका पहले फेज 7 दिन चलेगा। इस दौरान 12 देशों से 64 विमानों में 14 हजार 800 लोग भारत लाए जाएंगे। पहले दिन यानी आज, 9 देशों के 10 शहरों से 10 फ्लाइट 2300 भारतीयों को लेकर देश के 7 शहरों में पहुंचने की उम्मीद है। पहली फ्लाइट कोच्चि से दोपहर 12.30 बजे अबू धाबी के लिए रवाना हुई। इस फ्लाइट से करीब 200 लोग लौटेंगे।


वंदे भारत मिशन: फेज-1 का पहला दिन
फ्लाइट कहां से आएगी | कहां पहुंचेगी | कितने लोग आएंगे |
अबू धाबी | कोच्चि | 200 |
दुबई | कोझिकोड | 200 |
रियाद | कोझिकोड | 200 |
दोहा | कोच्चि | 200 |
लंदन | मुंबई | 250 |
सिंगापुर | मुंबई | 250 |
कुआलालंपुर | दिल्ली | 250 |
सैन फ्रांसिस्को | मुंबई-हैदराबाद | 300 |
मनीला | अहमदाबाद | 250 |
ढाका | श्रीनगर | 200 |
यात्रियों को फ्लाइट का किराया खुद देना होगा
विदेशों में फंसे लोगों को लाने के लिए सरकार ने जो नियम तय किए हैं उनके मुताबिक लोगों को फ्लाइट का किराया खुद ही देना होगा। अमेरिका से आने वाली फ्लाइट का किराया सबसे ज्यादा एक लाख रुपए होगा। लंदन से आने वालों को 50 हजार रुपए देने होंगे।
किस फ्लाइट का कितना किराया?
अबू धाबी-कोच्चि | 15 हजार रुपए |
दुबई-कोझिकोड | 15 हजार रुपए |
रियाद-कोझिकोड | 13 हजार रुपए |
दोहा-कोच्चि | 16 हजार रुपए |
लंदन-मुंबई | 50 हजार रुपए |
सिंगापुर-मुंबई | 20 हजार रुपए |
कुआलालंपुर-दिल्ली | 20 हजार रुपए |
सैन फ्रांसिस्को-मुंबई-हैदराबाद | 1 लाख रुपए |
मनीला-अहमदाबाद | 30 हजार रुपए |
ढाका-श्रीनगर | 15 हजार रुपए |
(किराए के आंकड़े मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक)

केरल के ही 4.27 लाख लोग लौटना चाहते हैं
द डिपार्टमेंट ऑफ नॉन रेजिडेंट केरलाइट्स अफेयर्स (NORKA) के पोर्टल पर 4 मई तक 4.27 लाख लोग रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। ज्यादातर खाड़ी देशों में रह रहे हैं। इनमें से 1.69 लाख इन 5 कैटेगरी के हैं। केरल सरकार के मुताबिक केंद्र सरकार ने 80 हजार लोगों को प्रियॉरिटी लिस्ट में रखा है।
1. जिनकी नौकरी जा चुकी है या कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं हुआ
2. किसी अपराध में सजा पूरी करने के बाद लौटने के इंतजार में हैं
3. गर्भवती महिलाएं
4. पढ़ाई पूरी कर चुके स्टूडेंट
5. जिनका वीजा एक्सपायर हो चुका

गोवा के 4000 लोगों ने रजिस्ट्रेशन किया
गोवा के एनआरआई कमीशन के पोर्टल पर 6 मई तक इतने लोग रजिस्टर कर चुके थे। ये 65 अलग-अलग देशों में रह रहे हैं। ज्यादातर मिडिल-ईस्ट और यूके में हैं। वंदे भारत मिशन के पहले फेज में गोवा के लोग शामिल नहीं हैं लेकिन, 14 मई से शुरू होने वाले दूसरे फेज में कुछ लोगों को लाया जा सकता है।
0 Reviews